Breaking News

REWA की शिवनगरी देवतालाब मंदिर बनेगी प्रदेश का बड़ा धार्मिक स्थल, सौंदर्यीकरण व विस्तारीकरण शुरू

2.40 करोड़ की लागत से होगा कार्य, विधानसभा अध्यक्ष एवं पर्यटन निगम के अध्यक्ष ने किया भूमिपूजन
तेज खबर 24 रीवा।
मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा शिव नगरी देवतालाब के प्राचीन शिव मंदिर के संपूर्ण परिसर का 2.40 करोड़ रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण व विस्तारीकरण कराया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम एवं मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोंटिया ने प्रस्तावित सौंदर्यीकरण एवं विकास निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।


विधानसभा अध्यक्ष गौतम ने कहा कि प्राचीन शिवमंदिर का पौराणिक एवं ऐतिहासिक इतिहास है। इसके प्रति लोगों की अपार आस्था है। मंदिर परिसर के विस्तारीकरण व सौन्दर्यीकरण से आगंतुकों को सुविधा होगी और वह बिना किसी परेशानी के भगवान आशुतोष के दर्शन कर पाएंगे। उन्होंने मंदिर परिसर में बड़े मंच बनाए जाने की बात कही ताकि वहां धार्मिक.सांस्कृतिक आयोजन हो सके। उन्होंने देवतालाब में भव्य प्रवेश द्वार बनाने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष से चालू वित्तीय बजट में राशि प्रावधानित किए जाने की भी बात कही। देवतालाब को पर्यटन स्थल घोषित किए जाने तथा मंदिर के पुजारियों के लिये आवास व्यवस्था बनाये जाने की बात कही।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान आशुतोष के आशीर्वाद से देवतालाब विधानसभा में धार्मिक, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सहित सभी क्षेत्रों में कार्य कराये जा रहे हैं ताकि यह विधानसभा प्रदेश की सर्वोच्च विधानसभा बनें। उन्होंने मंदिर एवं उसके परिसर सहित देवतालाब की पवित्र नगरी में साफ.सफाई के लिए नगरवासियों से सहयोग की अपील की।


पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोंटिया ने बताया कि इस पुण्य स्थल में 2 करोड़ 40 लाख रुपए से बहुउद्देशीय भवन, बड़ा किचेन, पीने के पानी की व्यवस्था तथा तालाब के सौन्दर्यीकरण व परिक्रमा पथ एवं उसके ऊपर शेड, बैठक के लिए आधुनिक बेंच लगाने सहित अन्य कार्य कराये जाएंगे। इससे इस मंदिर की पवित्रता के साथ सौन्दर्य बढ़ेगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिक्रमा पथ में फलदार पौधे भी लगाए जाए।

कार्यक्रम में एसडीएम एपी द्विवेदी, शिवपूजन शुक्ला, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम, देवेन्द्र शुक्ला, सुरेन्द्र सिंह चंदेल मन्नूलाल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह, संजय सोनी, सरपंच सरिता सिंह, केके मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी तथा मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

About tezkhabar24

Check Also

जमीनी विवाद में खूनी खेल : परिवारजनों ने भतीजे को किया लहूलुहान, लाठी डंडे से की बेदम पिटाई…

खेत में काम कर रहे युवक पर हमला, बड़े पिता और चाचा सहित परिजनों पर …