युवक की हत्या का कारण अज्ञात, पुलिस ने संदेहियो को हिरासत में लेकर शुरु की पूंछताछ
तेज खबर 24 रीवा।
रीवा में सेमरिया थाने के हिस्ट्रीशीटर की लाठियों से पीट पीटकर हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। हत्या का आरोप मृतक के ही पड़ोस में दुकान संचालित करने वाले उसके पुराने दोस्तों पर है। पुलिस ने दो नामजद लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और संदेहियों की धड़पकड़ कर पूंछताछ कर रही है।
दरअसल यह पूरा मामला सेमरिया के पथराखेर गांव का है जहां गुरुवार की सुबह से गायब युवक के परिजनों को रात में उसके साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली और जब परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक घायल अवस्था में मिला जिसे आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार की रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने हत्या की धारा 302 का अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पथराखेर निवासी दीपक सिंह गुरुवार की सुबह घर से निकला था जो देर शाम तक वापस घर नहीं लौटा। परिजन युवक के वापस घर आने का इंतजार कर रहे थे तभी रात में कुछ लोग दीपक के घर पहुंचकर परिजनों को बताया कि पड़ोस में दुकान संचालित करने वाले छोटू उर्फ विकाश और हिमांशु द्वारा दीपक के साथ मारपीट की जा रही है। दीपक के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही परिजन जब मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां फरार हो चुके थे और दीपक लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। परिजनों ने आनन फानन में पुलिस को सूचना दी और घायल को सेमरिया अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आज सुबह शव का पीएम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और हत्या का अपराध दर्ज कर संदेहियों को पकड़कर पूंछताछ की जा रही है।
सेमरिया थाना प्रभारी अभिषेक खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक दीपक सिंह थाने का हिस्ट्रीशीटर था जिसके विरुद्ध पूर्व से कई अपराध दर्ज थे। बताया गया कि दीपक सिंह के साथ उसके कुछ पुराने दोस्तों ने मिलकर मारपीट की जिससे घायल युवक की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई है। युवक की हत्या आरोपियों ने किन कारणों चलते की है यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने फिलहाल घटना से जुड़े कुछ संदेहियों को पकड़ा है जिनसे पूंछताछ की जा रही है।
Tezkhabar24.com Sach wahi jo ham dikhaye…

